मेहलचौंरी में चार दिवसीय लोक सांस्कृतिक एवं कृषि विकास मेले का शुभारंभ
मृणाल रतूड़ी व पवन लोबियाल के नाम रही मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या
तीन डोगरा रेजीमेंट रानीखेत के जवानों ने दी पाइप बैंड की प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। मेहलचौंरी में चार दिवसीय लोक सांस्कृतिक एवं कृषि विकास मेले का शुभारंभ हुआ। इस दौरान महिला मंगल दलों, स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही झांकियों की प्रस्तुतियां दीं। साथ ही तीन डोगरा रेजीमेंट रानीखेत के सैनिकों ने सूबेदार राजेश कुमार के नेतृत्व में पाइप बैंड का प्रदर्शन किया। दोपहर बाद शुरू हुई सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक मृणाल रतूड़ी और पवन लोबियाल ने अपनी प्रस्तुतियों से रंग जमाया।
मेहलचौंरी के खेल मैदान में आयोजित मेले का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि मेजर जनरल दिनेश बिष्ट (विशिष्ट सेवा मेडल) ने किया। मेले में मेजर जनरल दिनेश बिष्ट ने कहा कि मेले लोक संस्कृति के प्रचार का सबसे बड़ा माध्यम भी हैं। दोपहर बाद शुरू हुए सांस्कृतिक संध्या में मृणाल रतूड़ी की टीम ने मां भगवती जागर.., गैरसैंण बाजार मा...,रम झमा लै..., व रूप को मंत्र.. की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में ब्लाॅक प्रमुख दुर्गा रावत, ज्येष्ठ उपप्रमुख लीलाधर जोशी व जिपंस जगदीश घंडियाली, मेला सचिव प्रेम संगेला, एस. कंडारी, मेला समिति अध्यक्ष प्रेम सिंह शाह, व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, आंद्रपा के जिला पंचायत सदस्य जगदीश रावत, कोठा के सुरेश बिष्ट, मेहलचौंरी के प्रधानाचार्य आशीष जोशी और आगरचट्टी के यशवंत शाह आदि मौजूद रहे।