ब्लाक सभागार में आयोजित युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित युवा महोत्सव में महिला मंगल दलों ने देव जागरों के साथ ही पर्यावरण संवर्धन, कृष्ण लीला आदि की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में पहले स्थान पर रही पुड़ियाणी की महिलाओं ने ढोल दमाऊं पर जब पांडव नृत्य की थाप दी तो हॉल में बैठे सभी दर्शक और आयोजक थिरकने पर मजबूर हो गए। पर्यावरण संवर्धन पर प्रस्तुत पाडुली की महिला मंगल दल को दूसरा स्थान मिला। चूला और तोप की महिलाएं तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता में 23 महिला मंगल दलों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख राधा देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद पुडियाणी की महिलाओं ने स्वागत गीत, पुडियाणी की महिला मंगल दल ने पांडव नृत्य की प्रस्तुति दी। महिलाओं की ओर से ढोल दमाऊं के पारंपरिक वादन को खूब सराहा गया।
पाडुली ने हमरू गढ़वाल कश्मीर बणैं द्या, फल फूलों की डालि लगै द्या..., तोप की महिलाओं ने मां नंदा की पूजा पर सेम का कौथिग, तोप का कौथिग..., चूला ने हे भाई बैणियो पर्यावरण सुधारा..., छांतोली की महिलाओं ने रामी बोराणि पर नृत्य नाटिका और कोट कंडारा की महिलाओं ने कृष्ण लीला पर आधारित कार्यक्रम पेश किया। लोक जागृति विकास संस्था के सचिव जितेंद्र कुमार ने नंदा जागर की प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे महिला मंगल दलों को स्मृति चिह्न और अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम के बाद आयोजित संगोष्ठी में बीडीओ डीडी उनियाल ने गांव में नशा उन्मूलन, स्वच्छता सहित विकास कार्यों में भागीदारी करने की बात कही। साथ ही महिला अधिकारों पर भी महिलाओं को बताया। कार्यक्रम का संचालन डीडी उनियाल ने किया।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उपप्रमुख गौतम मिंगवाल, कनिष्ठ उपप्रमुख सुभाष रावत, संजय रावत, राजेश्वरी नेगी, रेनू नेगी, जिला पंचायत सदस्य गायत्री नेगी, उत्तरों युवा मंगल दल अध्यक्ष कैलाश खंडूड़ी आदि मौजूद थे।
नहीं हुआ लोकगीत का कार्यक्रम
महिला मंगल दलों के कार्यक्रम में लोकगीत और लोकनृत्य के कार्यक्रम होने थे, लेकिन विभाग की लापरवाही से लोकगीत का कार्यक्रम नहीं किया गया। जिला पंचायत सदस्य गायत्री नेगी ने लोकगीत न होने पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच की मांग की।