गोपेश्वर जिला अस्पताल में मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेते स्वास्थ्य सचिव डा. आर रा?
- फोटो : GOPESHWAR
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रभारी सचिव और एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के निदेशक डा. आर राजेश कुमार ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने बदरीनाथ हाईवे पर स्थित भोटिया जनजाति के गांव देवलीबगड़ जाकर ग्रामीणों का हालचाल जाना।
जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि इसी वर्ष मरीजों को जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा मिल जाएगी। वर्ल्ड बैंक के माध्यम से सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिमली महिला बेस अस्पताल का शुभारंभ इसी अगस्त माह के अंत तक कर लिया जाएगा। यहां ब्लड बैंक की सुविधा दी जाएगी और मेडिकल ऑफिसर की तैनाती की जाएगी। सीएमओ डा. राजीव शर्मा भी बेस अस्पताल में सेवाएं देंगे। जिला अस्पताल में शीघ्र स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाएगी। देवलीबगड़ गांव में भ्रमण के दौरान उन्होंने एएनएम की तैनाती के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी सचिव डा. आर राजेश कुमार ने जिला अस्पताल में मरीजों से निजी अस्पतालों से महंगे दामों में लैंस मंगाए जाने के बाद ऑपरेशन करने की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएमओ डा. राजीव शर्मा को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत जिला अस्पताल में लैंस उपलब्ध कराए जाएं। वरिष्ठ सीएमएस डा. जीएस राणा ने कहा कि मामले में संबंधित चिकित्सक से जवाब भी मांगा गया। बता दें कि अमर उजाला ने इस मामले में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।