राजकीय इंटर कॉलेज गोदली के नीचे हापला-कलसीर-नौली सड़क कटिंग से हो रहे भूस्खलन का पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते का निर्माण 10 दिन में करने के निर्देश अवर अभियंता को दिए। कहा कि सुरक्षा दीवार को लेकर शासन को आगणन भेज दिया गया है। धनराशि स्वीकृत होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीएम संतोष कुमार पांडे को ज्ञापन दिया था। कहा था कि सड़क कटिंग के कारण जीआईसी गोदली के नीचे भूस्खलन हो रहा है जिससे विद्यालय भवन खतरे की जद में आ गया है। एसडीएम के निर्देश पर बुधवार को पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता परशुराम चमोली ने मौके पर जाकर भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अवर अभियंता विपिन पाल को सड़क के मलबे से टूटे पैदल रास्ते को 10 दिन में ठीक करने के निर्देश दिए। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष नेगी, गुणम के प्रधान सज्जन सिंह, पाटी के प्रधान प्रेम सिंह, नैल के प्रधान सत्येंद्र रमोल और संदीप बर्त्वाल आदि मौजूद रहे।
तीन माह से बंद पोखरी-हरिशंकर मार्ग जल्द खोलें : एसडीएम
भूस्खलन के कारण पिछले तीन माह से बंद पड़े पोखरी-हरिशंकर-रौता मार्ग का एसडीएम संतोष कुमार पांडे ने निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को जल्द सड़क खुलवाने के लिए पर्याप्त जेसीबी और मजदूर लगाने के निर्देश दिए। रौता के प्रधान बीरेंद्र सिंह राणा ने सड़क खुलवाने की मांग के लिए एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा था। इस पर बुधवार को एसडीएम ने लोनिवि के साथ सड़क का निरीक्षण किया। यहां सड़क पर जगह-जगह पुश्ते टूटे हैं और मलबा पसरा है। सड़क बंद होने से रौता, सेरा मालकोटी, चौड़ी, मज्याड़ी, तुमड़ी सहित अन्य गांव के ग्रामीणों को पोखरी बाजार आने के लिए उड़ामाडा सड़क से होते हुए 40 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। एसडीएम संतोष पांडे ने लोनिवि के सहायक अभियंता केके सिंह को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए।
नृसिंह मंदिर मार्ग से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू
नगर क्षेत्र में डेढ़ माह से बंद पड़े नृसिंह मंदिर मार्ग पर बुधवार से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। ऐसे में बाजार से होकर जाने वाले वाहनों का दबाव भी कम हो गया है। बीते एक अगस्त को नृसिंह मंदिर मार्ग पर एसबीआई एटीएम के पास पुश्ता टूटने से मार्ग से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। ऐसे में सभी वाहन बाजार से भेजे जा रहे थे जिससे नगर में बार-बार जाम लग रहा था। लोनिवि के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि बुधवार को नृसिंह मंदिर मार्ग से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। जल्द बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग खोल दिया जाएगा। बदरीनाथ जाने वाले वाहन इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं।
अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं दिया तो रुकवा देंगे काम
नगर के हल्दापानी में भूस्खलन क्षेत्र में ट्रीटमेंट कार्य के लिए अधिग्रहित की गई जमीन का काश्तकारों ने मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा और एक सप्ताह में जल्द मुआवजा नहीं मिलने पर कार्य रुकवाने की चेतावनी दी।
गोपेश्वर के हल्दापानी क्षेत्र में लंबे समय से भूस्खलन हो रहा है। कुछ महीने पहले सिंचाई विभाग की ओर से यहां ट्रीटमेंट कार्य शुरू किया गया। काश्तकारों का कहना है कि ट्रीटमेंट कार्य के लिए उनकी कृषि भूमि का अधिग्रहण किया गया लेकिन उनको जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया है। विभाग ने बताया कि मुआवजे की धनराशि का प्रस्ताव शासन में लंबित है। इससे काश्तकार परेशान हैं। ज्ञापन भेजने वालों में वार्ड सदस्य दीपक पंवार, भीम सिंह, हरेंद्र पंवार, दुर्गापाल, चरण सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।