जिले में संचालित प्रशिक्षण संस्थानों आईटीआई, पॉलीटेक्निक लघु अवधि के प्रशिक्षण केंद्रों में जरूरत के अनुसार ट्रेड का संचालन होना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कौशल विकास समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए। शिक्षण संस्थाओं से ही बच्चों को स्वरोजगारपरक शिक्षा देने की जरूरत है। जिन बच्चों में हुनर है उनको आगे लाकर प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों व विभिन्न पोर्टल के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया जाए। बैठक में नेहा मल्होत्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला, क्षेत्रीय जिला सेवायोजन अधिकारी डा. एमएस सजवाण, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी आनंद सिंह जंगपांगी, एलडीएम पीएस राणा, आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य मौजूद थे। संवाद