गौचर के बीआरओ ऑफिसर मैस में ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। चारधाम यात्रा के सुगम संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमन ने बीआरओ ऑफिसर मैस में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कमेड़ा-1 स्लाइडिंग जोन एवं कमेड़ा-2 भूधंसाव जोन का निरीक्षण कर अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को दिए।
उन्होंने यात्रा के दौरान किसी तरह की लापरवाही न करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कहा कि यात्रा की निगरानी के लिए गढ़वाल रेंज पुलिस कार्यालय में चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम बनाया गया है। बदरीनाथ धाम परिसर में मोबाइल फोन और कैमरे के उपयोग के लिए बनी एसओपी का सख्ती से पालन करें। मोबाइल अलर्ट से यात्रियों को यात्रा मार्ग की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर पुलिस निगरानी रखने और साइबर ठगी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। बदरीनाथ धाम में ड्रोन कैमरों से नजर रहेगी। बैठक में एसपी सुरजीत सिंह पंवार, एसडीएम सोहन सिंह रांगड़, पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं, आरवीएनएल के अधिकारी कल्याण सिंह भंडारी, रेलवे की मेघा कंपनी के एचआर बीएस यादव एवं डीबीएल के प्रमोद राजन आदि मौजूद थे।