प्राथमिक स्कूल पलबरा में जुलाई माह से मिड-डे मिल नहीं बनने और शिक्षक के नियमित स्कूल न आने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर शिक्षक की शिकायत कर तबादले की मांग की। कहा यदि दस दिन में शिक्षक का तबादला नहीं हुआ तो बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे।
जिला शिक्षाधिकारी तथा बीईओ को भेजे ज्ञापन में पलबरा के क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र सिंह, निवर्तमान ग्राम प्रधान कुंवर राम, खड़क राम, कांति देवी आदि ने कहा कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक पुष्कर राम समय पर स्कूल में नहीं पहुंचते हैं और समय से पहले ही चले जाते हैं। विद्यालय में 15 बच्चे पढ़ते हैं जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जुलाई माह से विद्यालय में मिड-डे मिल भी नहीं बन रहा है। नाराज ग्रामीणों ने शिक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाया और मामले की जांच कर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों ने दस दिन में शिक्षक का तबादला न होने पर बच्चों को विद्यालय न भेजने की चेतावनी दी। बीईओ जीडी कुनियाल ने कहा कि मामले की जांच के लिए उप शिक्षाधिकारी केदार सिंह रावत को आदेश दिए गए हैं।