रोजगार और मुआवजा सहित विभिन्न मांगों को लेकर हेलंग में परियोजना के मुख्य गेट पर धरना दे रहे परियोजना प्रभावितों ने टीएचडीसी के निदेशक पीपीएस मान के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित कर दिया है। मान ने परियोजना में 70 फीसदी रोजगार परियोजना प्रभावितों को देने और तत्काल 40 प्रभावितों को नौकरी देने का लिखित आश्वासन दिया है।
अलकनंदा पर निर्माणाधीन पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के हेलंग में मुख्य गेट पर 18 फरवरी से प्रभावित मांगों को लेकर धरना दे रहे थे।
मंगलवार को बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने धरना स्थल पर जाकर प्रभावितों से वार्ता की। उन्होंने टीएचडीसी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। टीएचडीसी के निदेशक पीपीएस मान ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के 40 युवाओं को तत्काल परियोजना में रोजगार दिया जाएगा।
चारापत्ती के मुआवजे के लिए प्रशासन की टीम क्षेत्र का सर्वेक्षण करेगी, इसके बाद पात्र लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। कहा गया कि परियोजना में मांग के हिसाब से प्रभावित क्षेत्र के लोगों को रोजगार दिया जाएगा।
विधायक भंडारी ने कहा कि टीएचडीसी प्रभावित क्षेत्र के लोगों को परियोजना में 70 फीसदी रोजगार दें, जिस पर कंपनी के अधिकारियों ने हामी भरी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रकाश रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर, एसडीएम शैलेंद्र नेगी, वन पंचायत सरपंच प्रदीप भंडारी, दिगंबर बिष्ट, कुलदीप भंडारी और दीपक रावत आदि मौजूद थे।