विशेषज्ञ पैनल ने किया स्थलीय निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कीर्तिनगर। ब्लॉक कीर्तिनगर के लोस्तु और बडियारगढ़ क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय के संचालन के लिए गठित विशेषज्ञ पैनल ने क्षेत्र का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण दल का नेतृत्व राजकीय महाविद्यालय चंद्रवदनी (नैखरी) के प्राचार्य डॉ. महंत मौर्य ने किया। दल में महाविद्यालय देवप्रयाग के प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल, गढ़वाल केंद्रीय विवि के हिंदी विभाग की प्रो. गुड्डी बिष्ट और अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. प्रशांत कंडारी विशेषज्ञ सदस्य के रूप में शामिल रहे। इसके अलावा डॉ. सोनिया कौशिक तथा ईई धीरेंद्र कुमार ने तकनीकी और अकादमिक पहलुओं का परीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तेगड़-लोस्तु बडियार महाविद्यालय की शुरुआत स्नातक स्तर से की जाएगी। प्रारंभिक चरण में हिंदी, भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। महाविद्यालय भवन के निर्माण तक संस्थान का संचालन अस्थायी रूप से राजकीय इंटर कॉलेज धद्दीघंडियाल में किया जाएगा। महाविद्यालय के लिए गठित समिति के नोडल अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार, डॉ. एमएन नौडियाल, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. मनोज टम्टा, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. सृजना राणा व डॉ. पूनम गैरोला आदि मौजूद रहे।