पर्यटन नगरी लोहाजंग में पूर्व विधायक शेर सिंह दानू की स्मृति में आयोजित पांच दिवसीय सांस्कृतिक एवं औद्योगिक पर्यटन विकास मेले का उद्घाटन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और 2024 तक कर्णप्रयाग में रेल पहुंच जाएगी। सीएम ने मेले के संचालन के लिए दो लाख देने की घोषणा की। सीएम ने पूर्व विधायक शेर सिंह दानू के गांव पिनाऊं के लिए सड़क और लोहाजंग में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति समेत कई घोषणाएं कीं। मेले के उद्घाटन पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
लोहाजंग में शनिवार को सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व विधायक शेर सिंह दानू की स्मृति में बने शिलापट का अनावरण किया। सीएम ने कहा कि प्रदेश की सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। समाज कल्याण विभाग में घोटाला करने वाले कई अधिकारी जेल जा चुके हैं और 217 करोड़ के एनएच घोटाले में भी अधिकारी सजा काट रहे हैं। उन्होंने लोगों से क्षेत्र की समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 1905 पर कॉल कर प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने की अपील की। सीएम ने कहा कि टूरिज्म के क्षेत्र में सरकार तेजी से काम कर रही है। इसी का नतीजा है कि इस साल प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में 36 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। सरकार गांवों के विकास के लिए कटिबद्ध है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नैनीताल के सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की ओर से सभी वर्गों का विकास किया जा रहा है। इस मौके पर मेलाध्यक्ष इंद्र सिंह राणा, थराली की नगर पंचायत अध्यक्ष दीपा देवी, देवाल के प्रमुख दर्शन दानू, गिरीश मिश्रा, जिपं सदस्य कृष्णा बिष्ट, राकेश जोशी, रणजीत नेगी, गोविंद पांगती, रघुवीर रावत, अरुण मैठाणी, भुवन बिष्ट, केडी मिश्रा, नंदी कुनियाल, हीरा रूपकुंडी, नरेंद्र बिष्ट, प्रेम सिंह दानू, धन सिंह, नरेंद्र भारती और बच्ची राम आदि मौजूद रहे।
सीएम को बताई समस्याएं
देवाल। ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू ने सीएम के सामने देवाल में पीएनबी की शाखा खोलने, थराली-देवाल-वांण सड़क का सुधारीकरण करने, देवाल में महाविद्यालय खोलने के अलावा पीएचसी देवाल देवाल में डॉक्टरों की नियुक्ति व व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इंसेट
सीएम ने ये की घोषणाएं-
- तलवाड़ी महाविद्यालय को खेल सामग्री व पुस्तकालय के लिए 10 लाख।
- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में टेलीरेडियोलॉजी व टेलीमेडिसन की सुविधा।
- देवाल में स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा।
- देवाल व थराली में बाढ़ सुरक्षा के इंतजाम।
- लोहाजंग में टैक्सी पार्किंग का निर्माण।
- बमणबेरा के लिए तीन किमी सड़क।
- थराली-देवाल-वांण मोटर मार्ग का सुधारीकरण