पिता के साथ देहरादून आने के लिए किया आमंत्रित
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग/गैरसैंण। विकासखंड के सारकोट गांव की नवनिर्वाचित युवा ग्राम प्रधान प्रियंका नेगी (21) को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन करके बधाई दी। साथ ही गांव के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने प्रियंका नेगी को गांव में हो रहे विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए कहा और गांव की महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। सीएम ने प्रियंका नेगी और उनके पिता को देहरादून आने के लिए आमंत्रित भी किया।
प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण से कुछ दूरी स्थित सारकोट गांव को मुख्यमंत्री ने आदर्श गांव घोषित किया है। बृहस्पतिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में युवा प्रियंका नेगी ग्राम प्रधान के लिए निर्वाचित हुईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें फोन कर बधाई दी। कहा कि सारकोट को बहुत अच्छा बनाना है। सीएम ने ग्रामीणों को भी बधाई देते हुए कहा की सारकोट के ग्रामीणों ने अच्छा चुनाव किया है। सारकोट को पूरे प्रदेश के मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। उनका लक्ष्य है कि सारकोट की तरह उत्तराखंड के प्रत्येक गांव भी बनें। उन्होंने बताया कि जिले के उच्च अधिकारी की टीम दो दिनों के लिए सारकोट में प्रवास करेगी।