गोपेश्वर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को चमोली जिले के सभी 159 चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल के निर्देश पर चिकित्सा इकाइयों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया गया।
सीएमओ डॉ. पॉल ने बताया कि जिला अस्पताल गोपेश्वर, उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग, महिला बेस अस्पताल सिमली, सभी सीएचसी, पीएचसी व 107 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित कुल 159 चिकित्सा इकाइयों में साफ-सफाई की गई। दवाओं व अन्य जरूरी सामग्री को व्यवस्थित रखने, अनुपयोगी सामग्री को हटाने और चिकित्सा संस्थानों के परिसर को साफ-सुथरा रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। संक्रमण की रोकथाम, हाथों की स्वच्छता व जैव चिकित्सा अपशिष्ट के निर्धारित मानकों के अनुरूप पृथक्करण व निस्तारण किया गया।