गौचर। नगर पालिका की ओर से हर घर तिरंगा और स्वच्छता अभियान के तहत कार्यक्रम शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत रविवार को सफाई अभियान चलाया गया और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई। पालिका की ओर से पॉलिथीन उन्मूलन के लिए लोगों को जागरूक किया गया साथ ही नगर को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
पालिका के पर्यावरण मित्रों की ओर से मेला मैदान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जीजीआईसी मार्ग, ग्रेफ चौक, पुलिस चौकी तथा मुख्य बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया गया साथ ही कीटनाशकों का छिड़काव किया गया। पालिका कर्मियों ने लोगों से पॉलिथीन का उपयोग न करने और बाजार आने पर घरों से कपड़े का थैला साथ में लाने की अपील की। पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने बताया कि अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों की ओर से रंगोली प्रतियोगिता, महिला मंगल दलों के सहयोग के पौधरोपण आदि कार्यक्रम होंगे। स्वच्छता अभियान में पालिका के ईओ हेमंत चौहान, अवर अभियंता राजीव चौहान, कर निरीक्षक रोशन सिंह पुंडीर, कर संग्रहकर्ता रघुनाथ सिंह खत्री और सुबोध रावत आदि शामिल थे।