पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन मुक्ति अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को चिह्नित कर उनके परिजनों को बच्चों की शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से सोमवार से ऑपरेशन मुक्ति अभियान शुरू किया गया। इसके तहत विभिन्न विभागों के साथ गोष्ठी की और अभियान की जानकारी दी। साथ ही सभी से सहयोग की अपेक्षा भी की गई।
प्रदेश के सभी जिलों में पांच मार्च से 31 मार्च तक ऑपरेशन मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मदन बिष्ट ने पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में गोष्ठी की। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि अभियान दो चरणों में चलेगा। पहले चरण में भिक्षावृत्ति में शामिल बच्चों व उनके परिवार का पूर्ण विवरण लिया जाएगा, जिन बच्चों का विद्यालयों में दाखिला किया जाना है उनका भी चिह्नीकरण किया जाएगा। दूसरे चरण में स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों, बस-टैक्सी स्टैंड आदि जगह पर जागरूकता चलाए जाएंगे। इस अवसर पर सहायक अभियोजन अधिकारी मनमोहन सिंह, श्रम पर्वतन अधिकारी तन्मय पंत, विधि प्रवीक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष हेमलता भट्ट, बाल कल्याण समिति से अरविंद पुरोहित, हिमाद संस्था से प्रभा रावत, वन स्टॉप सेंटर से रश्मि रावत, चाइल्ड लाइन से नीलम कठैत, जिला बाल संरक्षण इकाई से अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।