नंदादेवी बायोस्फीयर रिजर्व के वन संरक्षक के स्थानांतरण की उठाई मांग
कहा-पूर्व में स्थानांतरण के आश्वासन के बाद भी मांग नहीं हुई पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। नंदा देवी बायोस्फीयर के निदेशक/वन संरक्षक के स्थानांतरण की मांग को लेकर चमोली जिले के वन कर्मियों ने पूर्ण कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। वन कर्मियों ने कहा कि जब तक निदेशक का स्थानांतरण नहीं हो जाता वे कार्यबहिष्कार वापस नहीं लेंगे।
वन विभाग के संयुक्त मोर्चा संघर्ष समिति का आरोप है कि नंदादेवी बायोस्फीयर के निदेशक पंकज कुमार कर्मचारियों का उत्पीड़न करते हैं। इसको लेकर मोर्चा की ओर से इसी मार्च माह में कार्यबहिष्कार और कार्यालयों में तालाबंदी की गई थी। 17 मार्च को प्रमुख वन संरक्षक और वन्यजीव के साथ उनकी वार्ता हुई थी जिसमें नंदादेवी बायोस्फीयर के निदेशक का अन्यत्र स्थानांतरण करने का आश्वासन दिया गया। मगर अभी तक उनकी मांग पूरी नहीं की गई है। कहा कि निदेशक पंकज कुमार ने वृत्त कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारियों के मार्च माह का वेतन भी आहरित नहीं किया है जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। इसी को देखते हुए संयुक्त मोर्चा ने फिर आंदोलन का रुख किया है। बुधवार को बदरीनाथ वन प्रभाग, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग, नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क सहित सभी वन प्रभागों के फॉरेस्टर, मिनिस्टीरियल सहित अन्य कर्मचारियों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार का एलान कर दिया। गोपेश्वर के कर्मचारी नंदादेवी बायोस्फीयर कार्यालय और ज्योतिर्मठ के कर्मचारी नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क कार्यालय में कार्यबहिष्कार करते हुए धरने पर बैठ गए। इस अवसर पर मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश सिंह नेगी, महामंत्री कुलदीप खंडूड़ी, अनूप पंवार, विनय कुमार, इंतियाज फारुखी, राकेश चंद्र, सुमन लता जोशी, प्रियंका नेगी, अंजू नेगी, संदीप कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।