ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पंचपुलिया के समीप एक बस खाई में जा गिरी और चालक छिटककर चट्टान पर अटक गया। एक पीआरडी जवान ने जानजोखिम में डालकर घायल चालक को अपनी पीठ पर ढोकर सड़क तक पहुंचाया। बस में सिर्फ चालक ही सवार था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार रात को एक बस कर्णप्रयाग से गौचर जा रही थी कि इसकी दौरान बस अनियंत्रित होकर 250 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान चालक अमित सती (26) पुत्र जगदीश सती, निवासी आशुतोष नगर ऋषिकेश बस से छिटककर चट्टान पर जा अटका। सूचना मिलते ही एसआई हेमदत्त भारद्वाज, परिवहन कार्यालय के पीआरडी जवान दौलत सिंह सहित कांस्टेबल नवीन कठैत, दिगपाल सिंह पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। चालक को चट्टान पर अटका देख पीआरडी जवान दौलत सिंह जान जोखिम में डालकर खाई में उतरे और चालक को पीठ पर ढोकर सड़क पर लाए। चालक गंभीर रूप से घायल है। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग पहुंचाया गया।
पहले भी किया घायलों को रेस्क्यू
पिछले साल चारधाम यात्रा के दौरान भी कर्णप्रयाग में 22 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे गिर गई थी। उस समय भी दौलत सिंह ने अकेले ही 12 घायल लोगों को अपनी पीठ पर उठाकर रेस्क्यू किया था।