वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने की घोषणा
नए सत्र में प्लेसमेंट और रोजगार के अवसर बढ़े, संस्थान में ऑनलाइन काउंसलिंग हुई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को विशेष शुल्क रियायत देने की घोषणा की है। राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान गोपेश्वर में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को 30 प्रतिशत और छात्रों को 20 प्रतिशत तक फीस में छूट मिलेगी। विवि की यह सुविधा संबद्ध संस्थानों के लिए भी है।
संस्थान के निदेशक प्रो. अमित अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार से संस्थान में ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि फीस में विशेष छूट दिए जाने की पहल दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने में मददगार साबित होगी। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर सेंटर और कौशल विकास गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान में बीटेक की 270 सीटों पर प्रवेश उपलब्ध हैं। यहां सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखाओं में पढ़ाई होती है। इसके अलावा बीसीए की 60 सीटों पर भी प्रवेश होंगे। नए सत्र से कार्यरत डिप्लोमा धारकों के लिए सायंकालीन बीटेक सिविल इंजीनियरिंग कार्यक्रम भी शुरू किया जा रहा है।