चमोली जिले में दो दिन से बीएसएनएल की ब्राडबैंड और बेस फोन सेवा ठप होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पोस्ट ऑफिस और बैंकों सहित सरकारी और गैर सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित हो रहा है।
घाट, पोखरी, नंदप्रयाग, जोशीमठ क्षेत्र में बैंकों में लेन-देन न होने से पेंशनर और उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। लोगों का कहना है कि बार-बार बाधित हो रही बीएसएनएल सेवा से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इन दिनों श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस के अलावा राजकीय महाविद्यालय जोशीमठ, पोखरी, कर्णप्रयाग, गौचर क्षेत्रों में ऑनलाइन प्रवेश हो रहे हैं, लेकिन कनेक्टिविटी न होने से छात्र-छात्राएं भी परेशान हैं। एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मनमोहन चतुरा और पूर्व प्रधान सुखवीर सिंह का कहना है कि यदि बीएसएनएल की सेवाएं सुचारु नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा।