पोखरी ब्लाक की ग्राम पंचायत ढामक, देवीखेत और काफलपानी में एक साल से पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन भेजकर शीघ्र लाइन ठीक कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यहां पीएमजीएसवाई गुगली से त्रिशूला तक सड़क बना रहा है, जिसके चलते पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त पड़ी है। एक साल से भी ज्यादा समय हो गया, लेकिन अभी तक लाइन को ठीक नहीं किया जा सका है। ऐसे में ग्रामीण गांव के प्राकृतिक स्रोत से पानी ढो रहे हैं। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। कई बार इस संबंध में अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ज्ञापन देने वालों में ढामक के प्रधान मोहन प्रसाद, त्रिशूला के पूर्व प्रधान राजपाल राम सिंह, बीरेंद्र सिंह, चंद्रावती देवी, सावित्री देवी, मुरारी लाल, शांता देवी, मधु देवी, सुभागा देवी, पुष्पा देवी, कल्पेश्वरी देवी, प्रताप सिंह और मोहन लाल आदि शामिल रहे।