अधिकारियों के न पहुंचने पर चमोली में क्षेत्र पंचायत की बैठक का बहिष्कार करते पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : GOPESHWAR
जिला मुख्यालय से महज दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित क्षेत्र पंचायत दशोली की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। आक्रोशित ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने जिला प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन भी किया। कहा कि अधिकारी क्षेत्र पंचायत की बैठकों में आने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं, जिससे हर बैठक में प्रस्ताव तो मांगे जाते हैं लेकिन उन पर काम नहीं हो पाता है।
बृहस्पतिवार को सुबह ग्यारह बजे से ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक प्रस्तावित थी। बैठक में 65 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य तो पहुंचे लेकिन जिलास्तरीय अधिकारी नदारद रहे। कई विभागाध्यक्षों ने अपने प्रतिनिधि बैठक में भेजे थे जिसे देख पंचायत प्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया और सदन का बहिष्कार कर दिया। वे ब्लॉक के गेट पर पहुंचे और जिला प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन करने लगे।
ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी ने कहा कि दशोली सदर ब्लॉक है। जिला मुख्यालय से मात्र दस किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद अधिकारी बैठक में नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में गांवों में विकास कार्यों का संचालन कैसे होगा। प्रधान संगठन के अध्यक्ष मोहन नेगी ने बताया कि लोनिवि, जल निगम, पीएमजीएसवाई, ऊर्जा निगम जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी भी सदन में मौजूद नहीं थे। गांव-गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क की बुरी स्थिति है। करीब एक घंटे तक ब्लाक परिसर में रहने के बाद पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने घरों को चले गए।