नगर में निजी विद्यालयों की ओर से मनमाने दाम पर किताबें बेचने की शिकायत पर उप जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने ज्योति विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय के भंडार कक्षों में भारी मात्रा में किताबें पाई गईं।
इसे देखते हुए एसडीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच टीम गठित कर मामले की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी को 15 दिनों में नगर के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण कर किताबों से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जोशीमठ नगर में संचालित कई निजी विद्यालय मनमाने दामों पर विद्यालय से ही कॉपी-किताबें बेच रहे हैं, जबकि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत किसी भी विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुस्तकें अथवा अन्य सामग्री की बिक्री नहीं की जा सकती है।
अभिभावकों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को एसडीएम जोशीमठ ने खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार के साथ ज्योति विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। खंड शिक्षाधिकारी विवेक पंवार का कहना है कि एसडीएम के निर्देश पर जांच टीम गठित की जा रही है। जांच के बाद उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।