गोपेश्वर जिला सभागार में दिशा की बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते सांसद तीरथ सिंह रावत।
- फोटो : GOPESHWAR
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने जिला सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सांसद ने पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित व निर्माणाधीन सड़कों की समीक्षा के दौरान सड़कों की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि निर्माणदायी संस्थाओं की ओर से कई सड़कों के निर्माण में देरी की जा रही है जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सही तरीके से कार्य न करने वाले ठेकेदार को तत्काल काली सूची में डालने के निर्देश डीएम को दिए।
बैठक में विधायक महेंद्र भट्ट ने जोशीमठ के अंतर्गत द्वींग-तपोण सड़क पर अभी तक कटिंग कार्य शुरू न होने पर नाराजगी जताई और लोनिवि के ईई को शीघ्र सड़क कटिंग कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। ईई ने एक माह में सड़क कटिंग कार्य शुरू करने की बात कही। बैठक में डीएम स्वाति एस भदौरिया, विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, सांसद प्रतिनिधि राकेश डिमरी और एसपी यशवंत सिंह चौहान आदि मौजूद थे। इसके बाद गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने उत्तरी कड़कोट के सैंज-खेंतोली में स्थापित जियो मोबाइल टावर का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया।
सड़क के लिए सांसद से मिले यूकेडी कार्यकर्ता
गोपेश्वर। उत्तराखंड क्रांतिदल के कार्यकर्ताओं ने सिरो गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग को लेकर सांसद तीरथ सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि गोपेश्वर मुख्यालय से 10 किमी दूर बसा सिरो गांव आज तक सड़क सुविधा से वंचित है। लोग आज भी गोपेश्वर आने के लिए 10 किमी पैदल चलने को विवश हैं। उन्होंने नौकरी से हटाए जाने पर भूख हड़ताल पर बैठे पीआरडी जवान बसंत लाल को न्याय दिलाने के लिए भी ज्ञापन भेजा। कहा कि बसंत लाल 32 सालों से नौकरी कर रहा है, लेकिन अचानक उसे नौकरी से हटाने पर उसके परिवार के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन देने वालों में यूकेडी दशोली ब्लॉक अध्यक्ष दिगंबर सिंह, केंद्रीय सलाहकार बच्चीराम उनियाल, गोविंद सिंह नेगी, अनदीप नेगी, सिरो महिला मंगल दल अध्यक्ष आशा देवी, कलावती देवी, गीता देवी, राजेश्वरी देवी, लता देवी, रिंकी देवी मौजूद रहे।