थराली सहित आसपास के बाजारों में मास्कों एवं सेनिटाइजर की कालाबाजारी हो रही है। दस रुपये में मिलने वाला मास्क तीस और 20 रुपये का मास्क अस्सी रुपये में बिक रहा है। कई दुकानदार तो संस्थाओं की ओर से फ्री में बांटे मास्कों को बीस-बीस रुपये में बेच रहे हैं। वहीं 60 रुपये का सेनिटाइजर 150 रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं अफवाहों के चलते लोगों ने राशन जमा करना शुरू कर दिया है, जबकि प्रशासन ने कहा कि अनावश्यक खाद्य सामग्री जमा न करें। खाद्य वस्तुओं केे कोई कमी नहीं है।
आदिबदरी में दुकानों पर मास्क और सेनिटाइजर ही नहीं मिल रहे हैं। कई जगहों पर कर्मचारी मास्क पहनकर काम कर रहे हैं और हर ग्राहक के हाथ को सेनिटाइज करने पर ही अंदर आने की अनुमति दी जा रही है। वहीं नरेंद्र चाकर ने लोगों से रविवार को जनता कर्फ्यू में सहयोग का आह्वान किया।
मास्क और सेनिटाइजर की नहीं रहेगी कमी
नई टिहरी। सीडीओ अभिषेक रूहेला ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर मास्क, सेनिटाइजर, आवश्यक दवा सहित दवा भंडारण की स्टॉक पंजिका की निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में सामग्री उपलब्ध है। कुछ उपकरणों को क्रय करने की अनुमति मांगी गई है। उन्होंने एसीएमओ एलडी सेमवाल से एक-एक सामग्री की जानकारी ली। निर्देश दिए कि दवा भंडारण कक्ष से किसी को भी सामान न दिया जाए। इधर, सीएमओ डा. मीनू रावत ने बताया कि 20 इंफ्रारेड-थर्मोमीटर भी विभाग को एक-दो दिन में मिल जाएंगे। तीन हजार किलो ब्लीचिंग पाउडर की भी डिमांड की गई है। 42 आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। विदेश से आने वाले लोगों की गहनता से स्क्रीनिंग की जा रही है।
वाहन चालकों को दिए जाएं सेनिटाइजर व मास्क
पौड़ी। राजकीय वाहन चालक महासंघ ने वाहन चालकों को मास्क, सेनिटाइजर व दस्ताने देने की मांग की। महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री नरेंद्र सिंह रावत ने जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि वाहन चालक लगातार कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच कामकाज का दायित्व संभाल रहे हैं। चालकों को संक्रमण से बचाव के लिए मास्क, सेनिटाइजर व दस्ताने दिए जाएं।