डॉक्टरों को धमकी देने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर रावत को जेल
गैरसैंण। सीएचसी गैरसैंण में बुधवार रात को डॉक्टरों और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर रावत को पुरसाड़ी जेल भेज दिया। पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, डॉक्टरों को धमकी देने सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बुधवार रात को मालसी गांव का एक युवक ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गया था। अस्पताल में घायल को देरी से उपचार देने और विलंब से हायर सेंटर रेफर करने को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष महावीर रावत और मेडिकल स्टाफ के बीच विवाद हो गया था। इस पर डॉक्टरों की टीम ने थाना गैरसैंण में तहरीर देकर अभद्रता व धक्का-मुक्की करने आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग को लेकर कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया था। थानाध्यक्ष सुभाष जखमोला ने बताया कि डॉक्टरों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की प्रारंभिक जांच करने के बाद महाबीर रावत को सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट गैरसैंण के समक्ष पेश करने के बाद पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया।