देवाल। मंडल अध्यक्ष के चुनाव के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष चुनाव की तैयारी में जुट गई है। हालांकि पार्टी के जिलाध्यक्ष का पद 21 साल से पिंडर को नहीं मिल पाया है। वहीं पार्टी का मजबूत गढ़ थराली व देवाल ब्लॉक से भाजपा का जिलाध्यक्ष कभी नहीं बन पाया।
मंडल अध्यक्ष के चुनाव के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव में जुट गई है। हालांकि पार्टी अभी देवाल सहित कई मंडल अध्यक्ष की घोषणा नहीं कर पाई है लेकिन जिलाध्यक्ष को लेकर कई वरिष्ठ कार्यकर्ता अध्यक्ष की दौड़ में हैं। सन् 1990 में नारायणबगड़ ब्लॉक से आनंद सिंह रावत व 1999 में पार्टी ने रिपदुमन रावत जिलाध्यक्ष बने लेकिन भाजपा के मजबूत गढ़ पिंडर को 2003 के बाद जिलाध्यक्ष नहीं मिला। जिलाध्यक्ष को लेकर पार्टी के अंदर रायशुमारी चल रही है। इस बार जिलाध्यक्ष की दौड़ में राकेश जोशी, रमेश मैखुरी, गजपाल बर्थवाल, गजेंद्र रावत आदि कई लोग शामिल हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार इस बार पिंडर से पूर्व प्रमुख व जिला महासचिव राकेश जोशी ने दावेदारी की है। संवाद
भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष की घोषणा का अभी करना होगा इंतजार
कर्णप्रयाग। पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष बृजेश बिष्ट को भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बनाने पर भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। वहीं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के नाम की घोषणा पर अभी इंतजार बना है। ग्रामीण मंडल में आम सहमति नहीं बनने से चार से अधिक नाम प्रदेश में भेजे गए हैं।
नगर पालिका सभागार में आयोजित स्वागत समारोह में बृजेश बिष्ट ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जरूरी काम किए जाएंगे। साथ ही ईमानदार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी की रीति नीति को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान पालिकाध्यक्ष गणेश शाह, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भुवन नौटियाल, पूर्व नगर अध्यक्ष सुभाष चमोला, चेतन मनोड़ी, लक्ष्मी जोशी, रहीम सिद्दीकी, सीता देवी आदि मौजूद थे। वहीं ग्रामीण मंडल में अध्यक्ष पद विक्रम मिंगवाल, सुभाष नौटियाल, गंभीर मियां और प्रदीप नेगी का नाम प्रदेश में भेजा गया है। ऐसे में आम राय नहीं बनने के कारण अभी तक घोषणा का इंतजार बना है।
ज्योति कैलखुरा बनीं चांदपुर गढ़ी मंडल अध्यक्ष
आदिबदरी। भाजपा महिला नेता ज्योति कैलखुरा के चांदपुर गढ़ी मंडल अध्यक्ष नियुक्त होने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र प्रभु, जिला उपाध्यक्ष कै. गैंणा सिंह रावत, नारायण सिंह नेगी, नवीन बहुगुणा, चंद्र प्रकाश बहुगुणा, मनोज चौहान आदि ने कहा कि ज्योति कैलखुरा को संगठन का अच्छा अनुभव है जिसका पार्टी को लाभ मिलेगा। भाजपा के हिमेंद्र सिंह कुंवर, नारायण नेगी, पूनम खंडूड़ी और नवीन खंडूड़ी ने खुशी जताई। संवाद