बिसलेरी की बंद बोतलों में सफेद रंग की परत जमी होने पर चमोली खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिसलेरी के निर्माता और वितरक सहित पांच लोगों को नोटिस जारी किए। जांच में बिसलेरी के नमूने फेल होने के बाद विभाग ने नोटिस जारी किए हैं।
15 जनवरी को एक शिकायतकर्ता ने जिला खाद्य सुरक्षा विभाग को एक शिकायती पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि गोपेश्वर नगर में स्थित एक दुकान से उन्होंने बिसलेरी की एक बंद बोतल खरीदी, जिसके अंदर सफेद रंग की एक परत तैर रही थी। इसका संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकान का निरीक्षण किया और बिसलेरी की पेटी को अपने कब्जे में लिया गया। बिसलेरी की बोतल को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, राज्य खाद्य एवं औषधि परीक्षण प्रयोगशाला रुद्रपुर, उद्यमसिंह नगर भेजा गया। 19 अगस्त को बिसलेरी के नमूने जांच में फेल हो गए। इसके बाद विभाग ने बिसलेरी निर्माता, वितरक के साथ ही स्थानीय वितरकों समेत पांच लोगों को नोटिस जारी किया है। अभिहित अधिकारी अनुज कुमार थपलियाल ने बताया कि कंपनी निर्माता को जांच से संतुष्ट न होने पर अपने स्तर से भी बिसलेरी की जांच करने के लिए कहा गया है। यदि इसके बावजूद भी नमूने फेल निकले तो मामले में संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सीजेएम कोर्ट में मामला दर्ज कर लिया जाएगा।