शिक्षकों के द्विवार्षिक अधिवेशन में हुए चुनाव, क्लस्टर प्रणाली का विरोध किया
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणबगड़। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक स्तरीय द्विवार्षिक अधिवेशन में बीना गुसाईं संघ को ब्लाॅक अध्यक्ष निर्वाचित किया गया जबकि राकेश रोधियान निर्विरोध मंत्री पद पर निर्वाचित हुए। अधिवेशन में शिक्षकों ने क्लस्टर प्रणाली पर विरोध जताया।
जीआईसी सभागार में आयोजित अधिवेशन में शिक्षकों ने कहा कि क्लस्टर प्रणाली से जहां स्कूल बंद होंगे वहीं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को कई किमी पैदल चलकर स्कूल पहुंचना होगा। ऐसे में क्लस्टर के बजाए स्कूलों में शैक्षणिक और शिक्षणेतर व्यवस्थाएं सुधारनी चाहिए। अधिवेशन में संघ के ब्लाॅक कार्यकारिणी के चुनाव भी हुए जिसमें अध्यक्ष पर बीना गुसाईं ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भरत सिंह नेगी को 21 मतों से कराया। बलबीर लाल और पुष्पा कनवासी उपाध्यक्ष, राकेश रोधियाल मंत्री, बीरेंद्र लाल कोहली आय व्यय निरीक्षक तथा देवेंद्र नेगी व अपर्णा सती संयुक्त मंत्री चुना गया। अधिवेशन में ब्लाॅक प्रमुख गणेश चंदोला मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप भंडारी, संरक्षक बीएस नेगी, उपाध्यक्ष सीमा पुण्डीर, महामंत्री प्रकाश चौहान मौजूद रहे।
प्राथमिक शिक्षकों ने दिया ज्ञापन
कर्णप्रयाग। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ चमोली ने सात सूत्री मांगों के समाधान की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत को ज्ञापन दिया। संघ के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह नेगी ने स्टेट काउंसलिंग से नियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को तीन वर्ष अविरल सेवा के उपरांत अपने गृह जनपद में स्थानांतरित करने, बीटीसी, डीएलएड करने के बाद हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर टीईटी से मुक्त रखते हुए स्थायी नियुक्ति देने, शिक्षकों को निर्वाचन के बीएलओ कार्य से मुक्त करने सहित अन्य मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में संघ के उपाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मंत्री मुकेश सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह फर्स्वाण आदि ने हस्ताक्षर हैं। संवाद