एक अन्य युवक घायल, हरिद्वार से पुडियाणी आ रहे थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
गौचर। हरिद्वार से अपने गांव पुडियाणी आ रहे दो युवकों की बाइक बदरीनाथ हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार कर्णप्रयाग ब्लाॅक के पुडियाणी गांव निवासी कृष्णा नेगी (26 वर्ष) और संतोष सिंह (25 वर्ष) हरिद्वार से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान दोपहर एक बजे बदरीनाथ हाईवे पर ग्रेफ ऑफिसर मैस के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बीस मीटर नीचे खाई में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों युवकों को पीएचसी गौचर पहुंचाया। उपचार के दौरान संतोष सिंह की मौत हो गई। जबकि कृष्णा सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि परिजनों को बुलाकर शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी कर्णप्रयाग भेजा जा रहा है। इधर घटना से पुडियाणी गांव में शोक की लहर छा गई।