पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों का आतंक अब पशुपालकों के लिए भी मुसीबत बन रहा है। एरोली गांव में रात के अंधेरे में भालू ने गौशाला में घुसकर दो बैलों पर हमला कर दिया। घटना में एक बैल की जान चली गई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
एरोली गांव में रविवार रात भालू ने एक गौशाला को निशाना बनाते हुए छत तोड़कर अंदर बंधे दो बैलों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बैल की कमर और गर्दन पर गहरे घाव आए हैं।
विज्ञापन
पशुपालक बलवीर सिंह रावत ने बताया कि रविवार रात हुई इस घटना की जानकारी उन्हें सोमवार सुबह करीब छह बजे लगी। जब वह गौशाला पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। भालू ने गौशाला की छत तोड़कर अंदर बंधे दोनों बैलों पर हमला किया था। एक बैल मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल था।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने वन विभाग और राजस्व विभाग को सूचित किया। साथ ही घायल बैल के उपचार के लिए पशुपालन विभाग आदिबद्री को भी सूचना दी गई। इसके बाद संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सक ने घायल बैल का उपचार किया, जबकि मृत बैल के नुकसान के मुआवजे के लिए विभागीय स्तर पर अग्रिम कार्रवाई की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में भालू की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की है।