आईटीबीपी के सुनील कैंप की आवासीय कालोनी में शनिवार को भालू के घुसने से वहां अफरातफरी मच गई। भालू ने वहां मौजूद एक महिला सहित पांच लोगों को घायल कर दिया है। घायलों को आईटीबीपी के मेडिकल कैंप में उपचार किया जा रहा है। जबकि एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है।
भालू आईटीबीपी कैंप में मौजूद पोस्ट ऑफिस की खिड़की के रास्ते कार्यालय में घुसा। भालू ने यहां मौजूद पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी गोपी चंद्र डिमरी पर हमला कर दिया। वह बाहर की ओर भागे तो भालू भी उनका पीछा करते हुए बाहर आ गया। इसके बाद भालू ने वहां मौजूद आईटीबीपी के जवान वायादास, अश्विनी कुमार, जगदीश कुमार और आईटीबीपी के जवान अनिल चौधरी की पत्नी रैविका सुल्ताना को भी घायल कर दिया।
मची अफरा-तफरी
देखते ही देखते कैंप में अफरा-तफरी मच गई। शोरगुल सुनने के बाद भालू झाड़ियों में घुस गया। घटना में गंभीर घायल पोस्ट ऑफिस कर्मचारी गोपी चंद्र डिमरी को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। उन्हें फौरीतौर पर बीस हजार की आर्थिक सहायता दी गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क और तहसील प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक भी भालू झाड़ियों में ही छिपा रहा। इससे यहां आसपास मौजूद लोगों में खौफ बना हुआ है।
भालू के हमले में एक घायल
गैरसैंण। गांव से बाजार आते समय सिराणा के दौलत सिंह (52) पुत्र भाग सिंह को भालू ने हमला कर घायल कर दिया। दौलत को आपातकालीन सेवा 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए लाया गया है। चिकित्सक ने दौलत की स्थिति को सामान्य बताई है। दौलत सिंह शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव से दिवालीखाल बाजार की ओर रहा था। इस बीच जंगल में घात लगाए भालू ने हमला कर दिया। दौलत ने बताया कि जोर से हो- हल्ला करने पर भालू भाग खड़ा हुआ। भालू ने हमला कर दौलत के सिर और बांह को जख्मी कर दिया है।