बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को भी वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया है। लामबगड़ में चट्टान से छिटके बोल्डरों और मलबे से हाईवे अवरुद्ध पड़ा है। दोपहर बाद बारिश थमने के बाद बीआरओ के मजूदरों और मशीनों ने हाईवे को खोलने का काम शुरू किया।
हाईवे अवरुद्ध होने से बदरीनाथ धाम में 1120 तीर्थयात्री और 41 वाहन फंसे हुए हैं। जबकि बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर जा रहे करीब साढ़े चार सौ तीर्थयात्रियों को पांडुकेश्वर और जोशीमठ में ही रुकाया गया है।
वहीं, हाईवे के अवरुद्ध होने से चीन सीमा पर मुस्तैद सेना और आईटीबीपी की रसद और जरुरी वस्तुओं की आपूर्ति भी ठप पड़ी हुई है। बीआरओ के कमांडर कर्नल आर सुब्रमण्यम का कहना है कि लामबगड़ में हाईवे को खोलने का कार्य चल रहा है।