जिले में रुक-रुक कर हो रही बारिश लोगों की दिक्कतें बढ़ा रही है। बारिश से सड़कों के बंद होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल मार्ग और पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी दोगुनी हो रही है।
चमोली जिले में बारिश से 35 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं। वहीं 125 पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त हैं। दर्जनों गांवों में पैदल रास्तों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण बारिश और गदेरों के पानी से पेयजल आपूर्ति कर रहे हैं। तबकि सड़कें बंद होने से सैकड़ों गांवों के ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरत के सामान के लिए मीलों पैदल दूरी नाप रहे हैं।
भेंटी गांव निवासी शेरी राम भेंटवाल और गुड्डू राम का कहना है कि प्रशासन घाट-नंदप्रयाग सड़क खोलकर अपनी पीठ थपथपा रहा है। जबकि क्षेत्र में गांवों को जोड़ने वाले आधा दर्जन सड़कें बंद होने से दिक्कतें जस की तस बनी हुई हैं।
इधर, जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन का कहना कि लोनिवि, एडीबी और वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों को ग्रामीण मार्गों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए गए हैं। साथ क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत के लिए जल संस्थान को प्रस्तावों के अनुरूप धनराशि आवंटित कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के आदेश दिए गए हैं।