थराली। क्षेत्र के गांवों में बाहर से आए लोग होम क्वारंटीन का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय बना है। ग्रामीणों का कहना है कि बाहर से आए लोगों को संस्थागत क्वारंटीन सेंटरों में रखने के बाद घरों में भेजा जाना चाहिए था।
थराली में कई लोग रेड जोन के साथ ही अन्य राज्यों से आए हैं। संदीप सिंह, महेंद्र सिंह, लक्ष्मी प्रसाद, धीरेंद्र, राधाबल्लभ आदि ने कहा कि कूनी, कुराड़, चिड़िंगा मल्ला, रणकोट, मालबज्वाड़, किमनी, विजयपुर आदि गांवों में प्रशासन ने इन्हें होम क्वारंटीन में रखा है, लेकिन ये लोग इसका उल्लंघन कर रहे हैं। ये बैंक भी पहुंच रहे हैं तो शराब के ठेके पर भी जा रहे हैं। कोई हल लगा रहा है तो कोई लकड़ी काटने में लगा है। बेहतर होता इन लोगों को पहले फैसिलिटी क्वारंटीन किया जाता। उपजिलाधिकारी थराली किशन सिंह नेगी का कहना है कि यदि बाहर से आया कोई भी व्यक्ति होम क्वारंटीन का पालन नहीं कर रहा है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बिजनौर से पहुंचा कर्णप्रयाग, छह लोग क्वारंटीन
कर्णप्रयाग। क्षेत्र में कोरियर की दुकान चलाने वाला एक युवक बिजनौर से बुधवार शाम कर्णप्रयाग अपने दोस्तों के यहां पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को समेत पांचों दोस्तों के साथ 14 दिनों के लिए फैसिलिटी क्वारंटीन में भेज दिया। नायब तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पांचा युवा स्थानीय हैं जबकि एक बिजनौर का है जो यहां दुकान चलाता है।