सात दिवसीय बंड विकास मेले के दूसरे दिन महिला और युवक मंगल दलों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। सेमलडाला मैदान में चल रहे मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि मेलों से मेलजोल बढ़ता है।
सांस्कृतिक संध्या में हिम तरंग सांस्कृतिक कला मंच गौचर सार्प सांस्कृतिक समिति थराली के कलाकारों ने गढ़वाली, भोटिया, जौनसारी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों में जीतू बगड़वाल, पांडव नृत्य, झुमेलो, चौंफुला नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
नव युवक मंगल दल नौरख के युवकों ने ढोल-दमाऊं की थाप पर जीतू बगड़वाल नृत्य प्रस्तुत किया। इसमें दिखाया गया कि जीतू बांसुरी बजाते हुए वन देवियों के जाल में फंस जाता है, वहीं युवक मंगल दल कम्यार के युवकों ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ पांडव नृत्य किया।
महिला मंगल दल पाखी, किरूली और लुहां की महिलाओं ने भी गढ़वाली नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्राथमिक विद्यालय ब्यारा-सैंजी के छात्र-छात्राओं की कृष्ण लीला की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।
इस मौके पर बंड विकास संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, अतुल शाह, गजेंद्र सिंह राणा, रमेश बंडवाल, किशन पुंडीर, सुुरेंद्र सिंह नेगी, अयोध्या हटवाल, सुनीता शाह, विनोद पंत और सुनील कोठियाल आदि मौजूद थे। संचालन हर्षदर्शन सिंह रावत और हरीश पुरोहित ने किया।
बेबी शो में सोनाक्षी प्रथम
मेले में आयोजित बेबी शो में सोनाक्षी ने प्रथम, माधवी ने द्वितीय और अधिराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेबी शो के संचालन में डा. पंकज कुमार जैन, डा. विनय शर्मा, डा. सीपी सेमवाल, डा. आशा पाल और देवकी टम्टा मौजूद रहे।