तहसील के बदरीश क्रिकेट मैदान में चल रही स्व. एनएस नेगी मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में डुंग्री की टीम ने बदरीश क्लब आदिबदरी को सात विकेटों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
करन को मैन ऑफ द मैच और विपिन खंडूड़ी को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
फाइनल मुकाबले में बदरीश क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। डुंग्री के घातक गेंदबाजों के आगे बदरीश क्लब 18 ओवरों में मात्र 68 रन पर ही ढेर हो गई। बदरीश क्लब की ओर से सुशील ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। जवाब में डुंग्री की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार पृथ्वीपाल सिंह चौहान ने कहा कि जल्द प्रदेश के क्रिकेट एसोसिएशन का बीसीसीआई में रजिस्ट्रेशन कराने का प्रयास चल रहा है, ताकि गांव के खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिल सके।
उन्होंने विजेता टीम को पंद्रह हजार, उप विजेता टीम को साढ़े सात हजार रुपये और ट्रॉफी दी। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष जयदीप शाह ने आदिबदरी खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की मांग की।
इस मौके पर अध्यक्ष गोविंद सिंह नेगी, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, राजा चौहान, गबर सिंह रावत, गौतम मिंगवाल, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र चाकर, अशोक कुमार, रघुबीर सिंह, प्रधान बैजयंती देवी और चंदन सिंह मौजूद थे।