त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत वोटिंग कराकर सभी पोलिंग पार्टियां लौटीं
चमोली जिले में 258 और रुद्रप्रयाग में 459 पोलिंग बूथों पर हुआ मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। चमोली जिले के चार विकासखंडों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद सभी 258 पोलिंग पार्टियां ब्लॉकों में लौट आई हैं। मतपेटियों को ब्लॉक मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रख दिया गया है। सभी मतपेटियां को सीसीटीवी और सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले में 459 मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया है।
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ, देवाल, नारायणबगड़ और थराली ब्लॉकों में 258 मतदेय स्थलों पर मतदान हुआ। मतदान के बाद 229 पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार देर रात तक ब्लॉक मुख्यालयों में पहुंच गई थीं जबकि दूरस्थ क्षेत्रों की 29 पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को पहुंचीं। इसमें देवाल ब्लॉक की दो और ज्योतिर्मठ ब्लॉक की 27 पोलिंग पार्टियां शामिल हैं जबकि नारायणबगड़ और थराली की सभी पोलिंग पार्टियां बृहस्पतिवार को ही लौट आई थीं। सभी मतपेटियां सीसीटीवी और सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में स्ट्रांग रूम में रख दी गई हैं। स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि स्ट्रांग रूम के आसपास पुलिस की ओर से कड़ी निगरानी की जा रही है। 28 जुलाई को द्वितीय चरण का मतदान होगा। इसके लिए भी सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर दी गई हैं।
वहीं रुद्रप्रयाग जिले में अगस्त्यमुनि, जखोली और ऊखीमठ के सभी नजदीकी 380 पोलिंग बूथों से पार्टियां बीते बृहस्पतिवार देर रात तक ब्लॉक मुख्यालयों में पहुंच गईं थीं। वहीं शुक्रवार को दोपहर तक त्रियुगीनारायण, कालीमठ और गौंडार सेक्टर सहित अन्य दूरस्थ बूथों की 79 पोलिंग पार्टियां भी सकुशल पहुंचीं। जिलाधिकारी प्रतीन जैन ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है।