कमलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर होने वाले खड़ दीया अनुष्ठान में इस बार इंग्लैंड और अमेरिका के दंपती भी शामिल होंगे। संतान प्राप्ति की कामना को लेकर दोनों देशों से एक-एक दंपती ने पंजीकरण कराया है। मंदिर प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 30 दंपती संतान कामना के लिए अनुष्ठान के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
इस वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी 23 नवंबर को मनाई जाएगी। कमलेश्वर महादेव मंदिर के महंत 108 आशुतोष पुरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इस बार पंजीकरण प्रक्रिया समय से पहले शुरू कर दी गई है। दिल्ली, हरियाणा, मेरठ समेत विभिन्न स्थानों से दंपती लगातार पंजीकरण करा रहे हैं।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड राजनीति: अशुद्ध मानसिकता का शुद्धिकरण करने की जरूरत, पूर्व सीएम हरीश रावत का भाजपा पर पलटवार
इस बार इंग्लैंड और अमेरिका से पंजीकरण होना विशेष है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु भी मंदिर पहुंचकर अपने या परिजनों के नाम से पंजीकरण करा रहे हैं। श्रद्धालु मंदिर प्रशासन के मोबाइल नंबर 9412324526 और 7895472034 पर संपर्क कर ऑनलाइन पंजीकरण भी करा सकते हैं। मंदिर प्रशासन ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियां को लेकर सेवादल के साथ बैठक भी की। पर्व नजदीक आने के साथ पंजीकरण की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।