पहले दिन 30 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम में बने हाईटेक अस्पताल में बुधवार से बच्चों की ओपीडी शुरू हो गई है। पहले दिन करीब 30 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
अस्पताल भवन का निर्माण पूरा होने के बाद अब इसका संचालन शुरू किया गया है। यहां आधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। फिलहाल बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक शर्मा की रोटेशन पर तैनाती के बाद बच्चों की जांच की जा रही है। धीरे-धीरे अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर सभी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। स्थानीय निवासी रामनारायण भंडारी और धूमा देवी ने कहा कि अस्पताल शुरू होने से स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को लाभ मिलेगा। अस्पताल प्रभारी डॉ. सचिन राणा ने बताया कि व्यवस्थाओं के विस्तार के साथ अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।