लामबगड़ में तीन दिन से बंद बदरीनाथ हाईवे शनिवार को खोल दिया गया। लोनिवि की एनएच इकाई ने हाईवे पर आए मलबे को हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई। वहीं, जोशीमठ-मलारी राजमार्ग पर सुराईथोटा में भी बीआरओ ने हाईवे से मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवा दी।
पांच अप्रैल को भारी बारिश के कारण बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद हो गया था। लगातार बारिश होने से हाईवे नहीं खोला जा सका था। शनिवार को मौसम खुलते ही एनएच ने सुबह नौ बजे से लामबगड़ में मजदूरों और मशीनों की मदद से हाईवे खोलने का काम शुरू किया।
दोपहर करीब एक बजे हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा सका। जोशीमठ-मलारी राजमार्ग भी मलबा आने से सुराईथोटा के समीप बाधित हो गया था, जो शनिवार को खोल दिया गया। साथ ही पीएमजीएसवाई ने भी थैंणा बैंड में बंद हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है।