बुधवार को हेलंग के पास चट्टान टूटने से अवरुद्घ पड़ा बदरीनाथ हाईवे।
- फोटो : Amar Ujala
बदरीनाथ हाईवे हेलंग के पास बुधवार दोपहर बाद चट्टान गिरने से फिर अवरुद्ध हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से आवाजाही नहीं हो रही थी। पुलिस प्रशासन ने सड़क बंद होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों को पाखी, हेलंग, जोशीमठ और पीपलकोटी में ही रोक लिया है। मलबा अधिक आने से बीआरओ के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तक ही हाईवे के खुलने की बात कही है।
हाईवे अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही बीआरओ के कमांडर कर्नल आर सुब्रमण्यम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं, जिन्हें विस्फोट से उड़ाया जाएगा। हाईवे अवरुद्ध होने से यहां तीर्थयात्रियों को पानी और खाने दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इलाज के लिए करना पड़ा इंतजार
जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे के हेलंग में मार्ग अवरुद्ध होने से एक महिला को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। सीएचसी जोशीमठ से महिला को 108 में जिला अस्पताल लाया जा रहा था, कि बदरीनाथ हाईवे अवरुद्ध पड़ा मिला। बाद में महिला को पीपलकोटी-विष्णुप्रयाग जल विद्युत परियोजना के बैराज साइड स्थित पैदल रास्ते से हाईवे के दूसरे छोर पहुंचाया गया, जहां गोपेश्वर से मंगाई गई 108 से महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।