गोपेश्वर। चारधाम यात्रा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं और बदरीनाथ हाईवे दुरुस्त होने लगा है। हाईवे पर जहां ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पूरा हो गया है वहीं डामरीकरण शुरू हो गया है। कई जगहों पर हाईवे बदहाल है मगर वहां भी डामर बिछाया जा रहा है। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को चाक-चौबंद किया जा रहा है।
बदरीनाथ हाईवे पर बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही फूलों की घाटी भी पर्यटक आवाजाही करते हैं। ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत हाईवे पर नंदप्रयाग, पुरसाड़ी, मैठाणा, बाजपुर, देवलीबगड़, चमोली बाजार और पीपलकोटी क्षेत्र में चौड़ीकरण और सुधारीकरण कार्य पूरा हो गया है। इन जगहों पर गत वर्षों तक यात्रा के वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती थी मगर अब एनएचआईडीसीएल की ओर से यहां डामर बिछाया जाएगा। मैठाणा में करीब 50 मीटर हिस्से में चट्टान कटिंग का काम पूरा होने के बाद यहां डामर बिछा दिया गया है। चमोली बाजार में, पीपलकोटी क्षेत्र में भी डामर बिछाया जा रहा है। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले कमेड़ा से हेलंग तक अधिकांश जगहों पर हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा। हिल कटिंग के मलबे का निस्तारण डंपिंग जोन में किया जा रहा है। गडोरा में पुश्ता निर्माण कार्य पूरा कर दिया है जिससे हाईवे चौड़ा हो गया है। बाजपुर और नंदप्रयाग में भी हाईवे का चौड़ीकरण कार्य पूरा कर दिया गया है। बिरही चट्टान क्षेत्र में चट्टान की कटिंग हो गई है। अलकनंदा साइड सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।