बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर चटवापीपल और उमट्टाधार के पास पहाड़ी से मलबा सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों जगहों पर सोमवार सुबह करीब एक घंटे तक हाईवे बंद रहा।
रविवार रात को नौ बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से कर्णप्रयाग, सिमली, लंगासू, गैरोली, पुडियाणी क्षेत्र में लोग सहम गए। बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर चट्वापीपल में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने से आवाजाही बंद हो गई। इसके अलावा उमट्टाधार में भी हाईवे पर मलबा आने से सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में लोगों की सूचना पर एनएच ने दोनों जगहों पर जेसीबी भेजकर हाईवे खुलवाया। बीरेंद्र, गोपी, गोपाल, दिनेश ने कहा कि बारिश से सिमली-शैलेश्वर, बेनीताल, जयंकडी, सोनना, कनखुल सड़कों पर भी पत्थर गिरने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आदिबदरी क्षेत्र के प्यूंरा, पज्याणा, नगली, जुलगढ़ गांवों में भी बारिश से पैदल रास्ते बदहाल हो गए। संवाद