ओडर गांव के पूर्व सैनिकों ने दस साल से राशन न मिलने और राशन कार्ड ऑनलाइन न करने पर पूर्ति निरीक्षक का घेराव किया। पूर्व सैनिकों ने कहा कि डीएम से लेकर जिलापूर्ति अधिकारी तक सभी जिम्मेदार अधिकारियों के सामने उन्होंने अपनी मांग रखी लेकिन किसी ने उचित कार्रवाई नहीं की। पूर्ति निरीक्षक के तीन दिन के अंदर राशन कार्ड ऑनलाइन करने के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
सोमवार को ओडर गांव के पूर्व सैनिक नारेबाजी करते हुए खाद्यान्न गोदाम में पहुंचे और पूर्ति निरीक्षक को राशन कार्ड ऑनलाइन न करने का कारण पूछा। जब वे ठोस जवाब नहीं दे पाए तो पूर्व सैनिक भड़क गए और पूर्ति निरीक्षक का घेराव कर धरने पर बैठ गए। पूर्ति निरीक्षक मनोहर फरस्वाण ने तीन दिन के अंदर सभी राशन कार्ड ऑनलाइन करने का आश्वासन दिया जिसके बाद वे मान गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन के बाद भी कोई कार्रवाई न हुई तो फिर आंदोलन किया जाएगा। धरना व घेराव करने वालों में बीडीसी मेंबर पान सिंह, खीमानंद, महाबीर सिंह, गोपाल सिंह, नंदन मेहरा, दर्वान सिंह, सुजान सिंह शामिल रहे।