बदरीनाथ धाम की इस साल की यात्रा संपन्न होने में अब महज दो दिन शेष हैं, लेकिन धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। वीकेंड पर बदरीविशाल के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। दर्शनों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। भीड़ के चलते कई तीर्थयात्रियों को बिना दर्शन किए ही वापस लौटना पड़ रहा है। शुक्रवार शाम तक धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 23 लाख के पार पहुंच गई।
बदरीनाथ धाम में इस वर्ष यात्रा शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं की अच्छी खासी आमद बनी रही। बरसात के दौरान भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री धाम पहुंचे। अब कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या में और तेजी आ गई है। शुक्रवार को 17,420 श्रद्धालुओं ने बदरीविशाल के दर्शन किए, जबकि बृहस्पतिवार को 16 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। शुक्रवार शाम तक कुल यात्रियों का आंकड़ा बढ़कर 23 लाख तीन हजार 869 पहुंच गया। शनिवार को भी धाम में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही।
यातायात व्यवस्था संभालने को फिर लागू किया गेट सिस्टम
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम में यात्रियों की बढ़ती संख्या का असर ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी तक आठ किलोमीटर के हिस्से में भी दिखाई दे रहा है। यहां वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बनने लगी है। इसे देखते हुए पुलिस ने नगर में एक बार फिर गेट सिस्टम लागू कर दिया है। इसके तहत एक समय में एक ही दिशा के वाहनों को आगे जाने दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को कुछ देर इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन वाहन जाम में फंसने से बच रहे हैं। हालांकि गेट खुलने के इंतजार में श्रद्धालुओं को करीब एक घंटे तक रुकना पड़ रहा है। ज्योतिर्मठ कोतवाल महादेव उनियाल ने बताया कि बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए गेट सिस्टम दोबारा लागू किया गया है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड एसआईआर: 1.25 लाख नए मतदाताओं में महिलाओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा, प्रदेश में 26 प्रवासी वोटर
तीन नंबर गेट पर भीड़ संभालने में पुलिस के छूटे पसीने
बदरीनाथ धाम के तीन नंबर गेट से वीआईपी दर्शन की व्यवस्था है। इन दिनों इस गेट पर भी तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सिफारिश के जरिए दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हो रही है। शनिवार को भी गेट पर ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। एक महिला तीर्थयात्री की वहां तैनात पुलिस कर्मियों से बहस हो गई, जिसके बाद मौके पर गहमागहमी बढ़ गई। स्थिति बिगड़ती देख आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।