गौचर में राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। गौचर में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत बुधवार को हुए लीग मैच अटैक क्लब श्रीनगर और रावलनगर की टीम ने जीते।
बुधवार को आयोजित मुकाबले मेंं टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अटैक क्लब श्रीनगर ने निर्धारित 12 ओवरों में 146 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजकीय पॉलिटेक्निक की टीम महज 73 रन ही बना पाई। अटैक क्लब श्रीनगर 73 रन से विजयी रही। अटैक क्लब श्रीनगर की टीम से 33 रन और 3 विकेट लेने वाले कृष्णा मैन ऑफ द मैच बने। वहीं दूसरा मैच रावल नगर और रावत डेयरी गौचर के बीच खेला गया जिसमें रावलनगर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रावत डेयरी की टीम 47 रन पर आउट हो गई। रावलनगर ने 100 रनों से जीत दर्ज की। रावल नगर की टीम से 10 रन और 3 विकेट लेने वाले पंकज नेगी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर निर्णायक महावीर रावत, मंजीत रावत, सुरज घड़ियाल, पवन चौकियाल, नवीन रावत, अनूप चौधरी रहे।
पुडियाणी की टीम सेमीफाइनल में पहुंची
कर्णप्रयाग। विकासखंड के कोली गांव में आयोजित स्व. मोहित (टीटू) ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पुडियाणी की टीम ने प्यूंरा की टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को आयोजित पहले क्वार्टर फाइनल मैच में पुडियाणी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए प्यूंरा की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुडियाणी की टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। पुडियाणी की टीम से 68 रन बनाने वाले पुष्कर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। संवाद
पंती प्रीमियर लीग शुरू
नारायणबगड़। पंती प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ बुधवार को हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन कर्णप्रयाग के पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच लक्ष्मीनारायण नारायणबगड़ और पंकु इलेवन विनायक के बीच मैच खेला गया। इसमें पंकु इलेवन ने लक्ष्मीनारायण को 6 विकेट से हराया।
टॉस जीतकर लक्ष्मीनारायण ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 66 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंकु इलेवन विनायक ने 10वें ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। पंकु इलेवन की टीम के रवींद्र मेहरा 3 विकेट 23 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच बने। इस मौके पर चेतन मनोड़ी, राकेश सती, ममंद अध्यक्ष सुनीता देवी, आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रेम कुंवर, पूर्व प्रधान रमेश गुसाईं मौजूद रहे। वहीं मैदुनी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में घणियाल देवता मैदुनी ने नमड़ू बाबा खैनोली को 19 रनों से हराया संवाद