कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में आपदा प्रभावित क्षेत्र में भूधंसाव रोकने के उपाय न किए जाने पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जताई है। बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल व बदरीनाथ विधानसभा के विधायक राजेंद्र भंडारी ने बहुगुणानगर में आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। वे आपदा प्रभावितों से मिले और उनकी समस्याओं को सरकार के सामने प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि जनता के इस मुद्दे को विधानसभा व राज्यपाल के सामने भी उठाएंगे। कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों के प्रति गंभीर नहीं है। लोग कड़ाके की ठंड में दर-दर भटक रहे हैं। लोग कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर, आईटीआई, अपर बाजार सहित अन्य भू-धंसाव वाले क्षेत्रों के लोग 2021 से भू-धंसाव से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी इस जायज मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी, ईश्वरी मैखुरी, अजयकिशोर भंडारी, राजेश नेगी, गौतम मिंगवाल, गजपाल सोनी, हरेंद्र बिष्ट, संजय रावत, सुनील पंवार आदि थे।