एसआईआर में लापरवाही पर सहायक अध्यापक निलंबित
ग्रीष्मावकाश के बाद से विद्यालय से लगातार चल रहे थे अनुपस्थित
गोपेश्वर। विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) में लापरवाही बरतने के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ने एक सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है। शिक्षक को उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया है।
चमोली जिले के विकासखंड ज्योतिर्मठ में एसआईआर के कार्य में लापरवाही बरतने के संबंध में तहसीलदार ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढाक में तैनात सहायक अध्यापक दिनेश कुमार की ओर से लगातार लापरवाही बरतने की रिपोर्ट सौंपी थी। बार-बार कहने के बाद भी शिक्षक की ओर से एसआईआर का कार्य पूरा नहीं किया गया। साथ ही एक जुलाई को ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने के बाद भी यह शिक्षक विद्यालय से लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। शिकायतों के आधार पर शिक्षा विभाग की ओर से संबंधित शिक्षक से इस पर जवाब मांगा गया लेकिन शिक्षक की ओर से कोई जवाब भी नहीं दिया गया। इसके आधार पर सहायक अध्यापक दिनेश कुमार को निलंबित करते हुए उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय ज्योतिर्मठ में संबद्ध कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षक को लेकर पहले भी शिकायतें आ रही थी। ग्रामीणों की शिकायत पर उसे प्राथमिक विद्यालय ढाक से प्राथमिक विद्यालय चोरमी में संबद्ध किया गया था।
सहायक अध्यापक दिनेश कुमार के खिलाफ तहसीलदार ने एसआईआर में लापरवाही बरतने की सूचना भेजी थी। शिक्षक से जवाब मांगा गया लेकिन जवाब नहीं दिया गया। इसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है। वह ग्रीष्मकाल के बाद से लगातार विद्यालय से भी अनुपस्थित चल रहे हैं।
- पंकज उप्रेती, जिला शिक्षाधिकारी चमोली (प्रारंभिक)