भराड़ीसैंण में 17 नवंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान पानी की कोई कमी नहीं होगी। दूधातोली से पेयजल लाइन बिछाने का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया है। आवासों और अन्य स्थानों पर पेयजल की आपूर्ति, बिजली, परिवहन आदि सुविधाओं को मुहैया कराने के लिए डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
भराड़ीसैंण में बने विधानसभ भवन में होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। डीएम विनोद कुमार सुमन ने कहा कि सत्र के दौरान व्यवस्थाएं चौक चौबंद रहेंगी, जिसके लिए गैरसैंण जोन 3 जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी। सभी तैनात अधिकारियों से समन्वय बनाने के लिए समन्वय अधिकारी की तैनाती भी की जाएगी। सत्र के दौरान बीएसएनएल को वाई-फाई और इंटरनेट सेवा सुचारु करने के साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम को खाने की जिम्मेदारी दी गई है।
डीएम विनोद कुमार सुमन ने परिवहन विभाग से यातायात सुविधा के साथ-साथ पूर्ति विभाग से रसोई गैस और क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों पर्र इंधन की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा है।