विधानसभा निर्वाचन 2017 को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को भारत निर्वाचन आयोग से पहुंची टीम ने जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान पर जोर दिया गया।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एसके रुडेला ने चुनाव तैयारियों के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को टीम भावना के साथ कार्य करने की सलाह दी। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे ग्रामीणों के नाम आवश्यक रूप से मतदाता सूची में दर्ज करवाने पर जोर दिया गया।
कहा गया कि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की नियुक्ति करने के बाद जिला निर्वाचन विभाग को उनका नाम और फोन नंबर उपलब्ध करा दिया जाए, जिससे समन्वय स्थापित करने में दिक्कत न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने सभी बीएलओ को मतदाता सूची का दोबारा अवलोकन कर अधिकाधिक मतदाताओं को सूची में शामिल करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक रूप से अपना नाम भी मतदाता सूची में दर्ज करने के निर्देश दिए। इस मौके पर भारत निर्वाचन आयोग के अवर सचिव एनटी भूटिया, अनुभाग अधिकारी अभिषेक तिवारी आदि मौजूद थे। इस दौरान अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया।