सड़क से हिचकोले खाकर हो रही है आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। ब्लॉक के तीन गांवों को जोड़ने वाली ढाई किमी भटोली-खगेली सड़क पर डामर पांच साल बाद भी नहीं बिछ पाया है। ऐसे में ग्रामीण वाहनों में हिचखोले खाकर गांव तक पहुंच रहे हैं। लोगों ने जल्द सड़क के डामरीकरण की मांग की।
नैनीताल हाईवे के भटोली बाजार से भटोली गांव, खगेली और कंडवाल गांव के लिए वर्ष 2019 में करीब ढाई किमी भटोली-खगेली सड़क की कटिंग हुई। हालांकि इस सड़क का विस्तार सेम तक होना है लेकिन कंडवाल गांव तक कटी सड़क पर पांच साल बाद भी डामर नहीं बिछ सका है। गांव के निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल कुंवर ने बताया कि सड़क पर बरसात और भूस्खलन से हुए गड्ढों के कारण आवाजाही में ग्रामीणों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। अनिल कुंवर, सुनील गुसाईं, गौरव कुंवर आदि ने कहा कि लगातार सड़क के सुधारीकरण की मांग की जा रही है लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने जल्द सड़क के डामरीकरण की मांग की। वहीं लोनिवि कर्णप्रयाग के ईई नवीन लाल वर्मा का कहना है कि भटोली-खगेली सड़क 2.25 किमी लंबी है। इस सड़क को पक्की करने के लिए डामरीकरण के लिए 2 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वीकृत होने पर काम शुरू कर दिया जाएगा।